
|
जदयू-भाजपा गठबंधन तीन चौथाई बहुमत की ओर
ADMIN,
24-October-10 IST
![]()
पटना। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के अब तक प्राप्त परिणामों और रुझानों से स्पष्ट हो गया है कि नीतीश कुमार की अगुवाई वाला जद [यू] भाजपा गठबंधन तेजी से तीन चौथाई बहुमत की तरफ बढ रहा है। राजग ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि 200 पर आगे चल रहा है। इनमें से जदयू को 8 और भाजपा को 10 सीटें मिली हैं और दोनों दल क्रमश: 99 और 76 सीटों पर आगे हैं। विपक्षी राजद लोजपा गठबंधन पिछले चुनावों के मुकाबले आधी से भी कम सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है। राजद को अब तक एक भी सीट नहीं मिली हैं लेकिन वह 24 सीटों पर आगे है जबकि उसकी सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी को भी अब तक कोई सीट नहीं मिली है लेकिन वह छह सीटों पर आगे चल रही है। पिछली बार राजद के पास 54 सीटें थीं जबकि लोजपा के दस विधायक थे। इन दोनों दलों ने अलग अलग चुनाव लड़ा था। कांग्रेस पिछली बार के आंकड़ों को बचाने की जद्दोजहद में दिखाई पड़ रही है। उसे अब तक कोई सीट नहीं मिली है लेकिन वह सात सीटों पर आगे चल रही है। पिछली बार उसे नौ सीटें मिली थीं। इसके अलावा दो निर्दलीय विजयी हुए हैं और दो अन्य आगे चल रहे हैं। जद [यू] भाजपा गठबंधन की जीत का श्रेय नीतीश कुमार को देते हुए लगभग सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने इसे विकास की जीत बताया है। बिहार में राजग की जीत को अभूतपूर्व करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि चुनाव परिणाम 21वीं सदी में भारतीय राजनीति की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा, '21वीं सदी की राजनीति प्रगति और विकास की राजनीति होगी जहां जाति आधारित राजनीति का कोई स्थान नहीं होगा।' जद [यू] नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि चुनाव में जीत का श्रेय निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है क्योंकि वह राज्य में गठबंधन के नेता हैं। जद यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने भाजपा के साथ गठबंधन बनाए रखने को लेकर तमाम अटकलों को खारिज कर दिया और कहा, 'गठबंधन है और बना रहेगा।' उन्होंने राज्य में कांग्रेस के प्रदर्शन पर कोई टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है क्योंकि बिहार की जनता ने अपना जवाब दे दिया है। संप्रग और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जीत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा, 'बिहार में विकास के सवाल को जनता ने स्वीकार किया है। हम सब खुश हैं। हम नीतीश कुमार के साथ जद यू और भाजपा दोनों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हैं।' कांग्रेस महासचिव और बिहार मामलों के प्रभारी मुकुल वासनिक ने चुनाव परिणामों को पार्टी की अपेक्षा के प्रतिकूल बताया और पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदारी स्वीकार की।
|
||




